दलहन-तिलहन की समर्थन मूल्य पर खरीदी शुरू, किसानों को मिलेगा सीधा लाभ
महासमुंद। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के उद्देश्य से जिले में रबी विपणन वर्ष 2026-27 के तहत दलहन एवं तिलहन फसलों की खरीदी समर्थन मूल्य पर की जाएगी। यह खरीदी केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (पीएम अआसअ) के अंतर्गत प्राइस सपोर्ट स्कीम (पीएसएस) के तहत संचालित होगी।
उपसंचालक कृषि एफ.आर. कश्यप ने जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के अंतर्गत चना, मसूर एवं सरसों फसलों का उपार्जन किया जाएगा। किसानों का पंजीयन एकीकृत किसान पोर्टल के माध्यम से किया जा चुका है, जिससे पात्र किसानों को सीधे लाभ मिल सकेगा।
खरीदी की अवधि 01 मार्च 2026 से 30 मई 2026 तक निर्धारित की गई है। जिले में किसानों की सुविधा के लिए कुल 6 खरीदी केंद्र बनाए गए हैं। इनमें कृषि उपज मंडी पिटियाझर (महासमुंद), प्राथमिक कृषि साख समिति सिर्रीपठारीमुड़ा (बागबाहरा), कोमाखान, पिथौरा, बसना तथा कृषि उपज मंडी सरायपाली शामिल हैं। इन सभी केंद्रों पर ई-समृद्धि पोर्टल के माध्यम से पारदर्शी तरीके से खरीदी की जाएगी।
समर्थन मूल्य का लाभ केवल उन्हीं किसानों को मिलेगा, जिन्होंने पोर्टल पर पंजीयन कराया है। निर्धारित समर्थन मूल्य के अनुसार चना 5,875 रुपये प्रति क्विंटल, मसूर 7,000 रुपये प्रति क्विंटल तथा सरसों 6,200 रुपये प्रति क्विंटल पर खरीदी की जाएगी।
इस पहल से जिले के किसानों को उनकी उपज का उचित दाम मिलने के साथ ही आर्थिक मजबूती मिलने की उम्मीद है।
