नवा बिहान अभियान के तहत पुलिस की जागरूकता मुहिम, 500 से अधिक लोग हुए लाभान्वित
महासमुंद। जिला पुलिस के द्वारा “नवा बिहान जागरूकता अभियान” के तहत जिले के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान साइबर अपराध, अभिव्यक्ति ऐप, नशा मुक्ति, महिला संबंधी अपराध एवं यातायात सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर लोगों को जागरूक किया गया।
पुलिस टीम ने ग्राम भंवरपुर साप्ताहिक बाजार, भीखापाली बाजार, संजय गार्डन के पास, बागबाहरा दुर्गा मंदिर टाउन हॉल तथा पिथौरा बाजार क्षेत्र में पहुंचकर आमजन को साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। अभियान के दौरान लगभग 500 से अधिक ग्रामीण एवं शहरी नागरिकों ने भाग लेकर लाभ उठाया।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों को साइबर स्टॉकिंग, फर्जी प्रोफाइल, सेक्सटॉर्शन, फेक ट्रेडिंग ऐप के माध्यम से होने वाली ठगी तथा डिजिटल अरेस्ट जैसे अपराधों के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही, सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत एवं संवेदनशील जानकारी साझा न करने, मजबूत पासवर्ड रखने और अनजान लिंक या एपीके फाइल डाउनलोड न करने की सलाह दी गई।
जागरूकता कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करें और संदिग्ध कॉल या वीडियो कॉल से सतर्क रहें। यदि कोई व्यक्ति पुलिस, सीबीआई, बैंक अधिकारी या अन्य अधिकारी बनकर पैसे की मांग करता है, तो घबराएं नहीं और तुरंत सत्यापन करें।
ऑनलाइन ठगी की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने तथा नजदीकी थाना या साइबर सेल में रिपोर्ट करने की जानकारी भी दी गई। साथ ही डायल-112 सेवा के महत्व को समझाया गया। इसके अलावा, नशा मुक्ति के प्रति जागरूक करते हुए नशे के दुष्परिणामों के बारे में बताया गया तथा युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की गई। क्षेत्र में गौवंश तस्करी जैसी गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह भी किया गया। पुलिस की इस पहल को आमजन ने सराहा और ऐसे अभियान को निरंतर जारी रखने की मांग की।
