नयापारा में पेयजल समस्या पर नगर पालिका की त्वरित कार्रवाई, तकनीकी खामी दूर, अब सप्लाई सामान्य
महासमुंद। नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू के निर्देश पर नयापारा क्षेत्र में पेयजल समस्या को लेकर पालिका का जल विभाग सक्रिय नजर आया। नलों से पानी नहीं आने की शिकायत मिलते ही अध्यक्ष ने तत्काल संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।
पालिका की टीम ने नयापारा के विभिन्न वार्ड नंबर 04, 05, 06, 07, 08, 09 एवं 11 का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान बुजुर्ग महिला हेमो मांझी सहित स्थानीय निवासियों से चर्चा कर पानी की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली गई। वार्डवासियों ने बताया कि 2 अप्रैल को तीनों समय नल तो खुले, लेकिन पानी अपेक्षाकृत कम मिला। हालांकि, 3 अप्रैल की सुबह पर्याप्त पानी मिलने की पुष्टि भी नागरिकों ने की।
जल विभाग की टीम ने बताया कि बेलसोंडा फिल्टर प्लांट में आई तकनीकी खराबी के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई थी, जिसे अब ठीक कर लिया गया है। वर्तमान में प्लांट की चार मशीनों के माध्यम से शहर के ओवरहेड टंकियों तक पानी की आपूर्ति सुचारू रूप से की जा रही है।
जल प्रभारी दुर्गेश कुंजेकार के अनुसार, लो वोल्टेज, बार-बार बिजली का अप-डाउन और गौरव पथ निर्माण के दौरान पोल शिफ्टिंग के चलते बिजली बाधित होने से जल आपूर्ति प्रभावित होती है। इसके अलावा कुछ स्थानों पर टुल्लू पंप के उपयोग से भी अन्य घरों तक पानी नहीं पहुंच पाता, जिससे समस्या बढ़ती है। ऐसे मामलों में पालिका द्वारा टुल्लू पंप जब्त करने की कार्रवाई भी की गई है।
टुल्लू पंप पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने नागरिकों से अपील की है कि नलों में टुल्लू पंप लगाकर पानी न खींचें। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसा करना अवैध है और इससे अन्य घरों में पानी की आपूर्ति बाधित होती है। नियमों का उल्लंघन करने पर नल कनेक्शन काटने, पंप जब्ती, जुर्माना एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि गर्मी के मौसम में पेयजल व्यवस्था को बनाए रखने के लिए विशेष कार्ययोजना बनाई गई है। तकनीकी समस्या आने पर त्वरित सुधार किया जाता है और जरूरत पड़ने पर टैंकर व सिंथेटिक टंकियों के माध्यम से 24 घंटे पानी उपलब्ध कराया जाता है। पालिका शहरवासियों को किसी भी स्थिति में जल संकट का सामना नहीं करने देगी।
