बीमा क्लेम के लिए रची जेसीबी चोरी की साजिश, फरियादी ही निकला मास्टरमाइंड, गिरफ्तार
महासमुंद। जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां जेसीबी चोरी की शिकायत करने वाला फरियादी ही पूरी साजिश का मास्टरमाइंड निकला। खल्लारी पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 31 मार्च 2026 को वार्ड क्रमांक 23 सुभाष नगर महासमुंद निवासी गोविंद धीवर (35) ने अपनी जेसीबी (क्रमांक सीजी 04 एल 3422) की चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया था कि 30 से 31 मार्च के बीच ग्राम तेलीबांधा स्थित दुलार फार्म हाउस के सामने से अज्ञात चोर वाहन चोरी कर ले गए।
मामले की जांच के दौरान पुलिस को फरियादी के बयानों में लगातार विरोधाभास नजर आया, जिससे संदेह गहराया। सख्ती से पूछताछ करने पर गोविंद धीवर ने पूरा राज खोल दिया। उसने बताया कि उसने जेसीबी की किस्त नहीं चुकाने और बीमा कंपनी से अवैध लाभ लेने के उद्देश्य से पहले ही फरवरी 2026 में अपनी जेसीबी को 3 लाख रुपये में वन्द्रकुमार चन्द्रा को बेच दिया था।
इसके बाद साजिश के तहत उसने अपने परिचित पुष्पेन्द्र चन्द्राकर से दूसरी जेसीबी (सीजी 06 ई 9834) किराए पर ली और उसे घटनास्थल पर खड़ा कर बाद में हटा दिया, ताकि चोरी का झूठा घटनाक्रम तैयार किया जा सके। अगले दिन उसने थाना खल्लारी में झूठी चोरी की रिपोर्ट दर्ज करा दी।
पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दोनों जेसीबी वाहनों को जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और झूठी रिपोर्ट दर्ज कराने के तहत विभिन्न धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
खल्लारी पुलिस द्वारा आरोपी गोविंद धीवर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
