कोडार डेम में मिला स्काउट-गाइड जिला उपाध्यक्ष का शव, आत्महत्या की आशंका
महासमुंद। जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। स्काउट-गाइड के जिला उपाध्यक्ष जय पवार (35) का शव कोडार डेम में मिला है। घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जय पवार आज सुबह अपने घर से स्कूटी से ग्राम भोरिंग के लिए निकला था। भोरिंग जाने से पहले करीब साढ़े 10 बजे अपने दोस्तों से मिला। उसके बाद भोरिंग चल रहे निर्माण कार्य देखने गया। वहां जय ने मजदूरों से भी बातचीत की। इसके बाद दोपहर करीब 12 बजे पुलिस को कोडार डेम में एक शव होने की सूचना मिली, जिस पर तत्काल तुमगांव पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला और पहचान जय पवार के रूप में की गई। प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
तुमगांव पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल तुमगांव भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। वहीं, इस घटना से परिवार और परिचितों में गहरा दुख व्याप्त है।
