छात्र-छात्राओं ने देखी चिप्स, कुरकुरे व स्नैक्स बनाने की कला
महासमुंद। पीएम श्री सेजेस तुमगांव स्कूल के कक्षा 6वीं और 7वीं के विद्यार्थियों के लिए आज का दिन बेहद खास और सीख से भरपूर रहा, जब वे शैक्षणिक भ्रमण पर पंचजय फूड प्रोडक्ट्स लिमिटेड, बिरकोनी पहुंचे। इस प्रेरणादायक दौरे में बच्चों ने चिप्स, मिक्सचर और कुरकुरे जैसे लोकप्रिय स्नैक्स के निर्माण की पूरी प्रक्रिया को करीब से देखा और समझा।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने जाना कि कैसे आलू को काटने से लेकर तलने, मसाला मिलाने, पैकिंग और गुणवत्ता जांच तक हर चरण में सावधानी, तकनीक और टीमवर्क की जरूरत होती है। फैक्ट्री में लगी आधुनिक मशीनों, स्वच्छता व्यवस्था और कार्य प्रणाली ने बच्चों को विशेष रूप से आकर्षित किया। प्रधानाचार्य देवेंद्र अगलावे के नेतृत्व में शिक्षक सिद्धांत गायगौरे, सत्यम पांडे, सागर झा, नवीन दास, जयश्री टंडन और सुषमा गिलहरे भी साथ रहे। बच्चों ने कामगारों से संवाद कर यह भी जाना कि गुणवत्तापूर्ण उत्पाद बनाने के लिए किस प्रकार की मेहनत और अनुशासन जरूरी होता है। भ्रमण के अंत में प्रधानाचार्य श्री अगलावे ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा, ‘आज आपने देखा कि साधारण दिखने वाले उत्पाद भी कड़ी मेहनत, बेहतर योजना और मजबूत टीमवर्क से तैयार होते हैं। किताबों के साथ-साथ ऐसे अनुभव जीवन की असली शिक्षा देते हैं। बड़े सपने देखिए, लेकिन उन्हें पूरा करने के लिए आज से ही मेहनत शुरू करें। बच्चों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए इस भ्रमण को ‘रोमांचक और ज्ञानवर्धक’ बताया। उन्होंने कहा कि अब वे स्वयं कुछ नया बनाने और सीखने के लिए और अधिक उत्साहित हैं। शिक्षकों ने विद्यार्थियों की जिज्ञासा और सीखने की ललक की सराहना की।
