हर घर जल योजना से बदली गिधली गांव की तस्वीर, अब घर-घर पहुंच रहा स्वच्छ पानी
महासमुंद। जिले के बसना विकासखंड के ग्राम गिधली में जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित हर घर जल योजना ने ग्रामीणों के जीवन में बड़ा सकारात्मक बदलाव लाया है। कभी पानी की समस्या से जूझने वाला यह गांव आज स्वच्छ पेयजल की सुविधा से समृद्ध हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार पहले उनकी दिनचर्या की शुरुआत ही पानी की किल्लत से होती थी। पीने के पानी के लिए हैंडपंप और पावर पंप पर निर्भर रहना पड़ता था। खासकर गर्मी के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाती थी, जब जल स्रोत सूखने लगते थे और लोगों को दूर-दूर तक पानी लाने के लिए जाना पड़ता था। इस समस्या का सबसे अधिक असर महिलाओं पर पड़ता था, जिन्हें रोजाना घंटों मेहनत करनी पड़ती थी।
स्थिति में बदलाव तब आया जब जल जीवन मिशन के तहत गांव में कार्य प्रारंभ हुआ। योजना के अंतर्गत लगभग 100.52 लाख रुपये की लागत से पानी टंकी का निर्माण किया गया और करीब 4644 मीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई। इसके माध्यम से गांव के 250 घरों में नल कनेक्शन प्रदान किए गए।
पहले जहां गांव में 9 हैंडपंप और 5 पावर पंप ही जल का मुख्य साधन थे, वहीं अब हर घर तक सीधे स्वच्छ पेयजल पहुंच रहा है। इस सफलता में ग्राम पंचायत के सरपंच श्री शोभित मांझी के नेतृत्व और ग्रामीणों के सहयोग की अहम भूमिका रही। गांव की इस उपलब्धि को मान्यता देते हुए 17 अप्रैल 2025 को गिधली को ‘हर घर जल ग्राम’ के रूप में प्रमाणित किया गया।
लाभार्थी श्रीमती रेखा भोई बताती हैं कि पहले उन्हें पानी भरने के लिए काफी दूर जाना पड़ता था, जिससे समय और मेहनत दोनों अधिक लगते थे। अब घर में नल कनेक्शन मिलने से आसानी से स्वच्छ पानी उपलब्ध हो जाता है। इससे उनका समय बच रहा है, जिसे वे अब घर और अन्य उपयोगी कार्यों में लगा पा रही हैं। हर घर जल योजना के माध्यम से गिधली गांव अब विकास और सुविधा की नई मिसाल बनकर उभर रहा है।
