काव्य संग्रह ‘भीड़ में खोया हुआ मैं’ का विमोचन

महासमुंद। ग्राम पाटसेंद्री के प्रतिभाशाली युवा साहित्यकार ललित कुमार दास ने अपने प्रथम काव्य संग्रह ‘भीड़ में खोया हुआ मैं’ के साथ साहित्य जगत में प्रभावशाली दस्तक दी है। इस कृति का विमोचन मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोंगरा किशन लाल पटेल के निज निवास पर किया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में सभापति, स्वास्थ्य एवं महिला एवं बाल विकास श्रीमती उषा लालकुमार पटेल, अध्यक्ष, युवा मोर्चा मंडल केदुवां नरेंद्र पटेल, उपसरपंच श्रीमती रीना ललित दास रहे। काव्य संग्रह का विमोचन करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोंगरा पटेल ने कहा कि ग्रामीण अंचल से निकलकर साहित्य के गंभीर और चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में अपनी पहचान बनाना अत्यंत प्रेरणादायक है। ललित की रचनाएं समाज का सजीव प्रतिबिंब हैं, जो युवाओं को अपनी जड़ों, संवेदनाओं और वास्तविकताओं से जोड़ने का कार्य करती हैं। उन्होंने ललित कुमार दास के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनकी लेखनी साहित्य जगत में नई ऊंचाइयों को छुएगी। कार्यक्रम के अंत में कवि ललित कुमार दास न उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें और बेहतर सृजन के लिए प्रेरित करेगा।