विशाल रक्तदान शिविर 31 को, मरीजों को फल वितरण
महासमुंद। महावीर इंटरनेशनल शाखा महासमुंद ने मेघ बसंत कॉलोनी में आयोजित बैठक में सामाजिक सेवा और धार्मिक आस्था से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए। बैठक में आगामी दिनों में जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित करने की रूपरेखा तैयार की गई, जिससे शहर में सेवा और सहयोग की भावना को और मजबूती मिलेगी।
संस्था द्वारा 29 मार्च, रविवार को महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव के उपलक्ष्य में प्रात: 10:30 बजे से शाम 4 बजे तक स्थानीय शांतिनाथ जैन भवन में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर के माध्यम से जरूरतमंदों को रक्त उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा 31 मार्च को महावीर जन्म कल्याणक दिवस के अवसर पर स्व. निर्मला देवी श्री श्रीमाल की स्मृति में श्री श्रीमाल परिवार, महासमुंद के सहयोग से शहर में ग्रीष्मकालीन चलित प्याऊ का शुभारंभ किया जाएगा, जो गर्मी के दिनों में राहगीरों को शीतल जल उपलब्ध कराएगा। उसी दिन दोपहर 3 बजे शासकीय अस्पताल, महासमुंद में फल वितरण एवं नवजात शिशुओं के लिए बेबी किट वितरण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। बैठक में संस्था के अध्यक्ष हेमंत मालू, सचिव रवींद्र लूनिया, सहसचिव प्रतीक चौरड़िया, कोषाध्यक्ष दिलीप चौरड़िया, सुभाष बाफना, रमेश सांखला, दिलीप बुरड़, धीरज चोपड़ा, निर्मल चोपड़ा, रूपेश सुराणा, मुकेश चौरड़िया, सम्यक चोपड़ा, विनय झाबक, प्रदीप बुरड़ एवं संजय मालू आदि उपस्थित रहे।
