“नवा बिहान” अभियान के तहत पुलिस ने दिया जागरूकता का संदेश

महासमुंद। जिले में सुरक्षित और जागरूक समाज के निर्माण के उद्देश्य से महासमुंद पुलिस द्वारा “नवा बिहान” जन जागरूकता अभियान के तहत पिथौरा थाना परिसर के सामने विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में स्काउट-गाइड के लगभग 80 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने भाग लिया।
शिविर में पुलिस अधिकारियों ने साइबर सुरक्षा, महिला एवं बाल संरक्षण, नशा मुक्ति और यातायात नियमों के पालन को लेकर विस्तृत जानकारी दी। विशेष रूप से डिजिटल अरेस्ट की धमकी, सेक्सटॉर्शन, फेक ट्रेडिंग ऐप और सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाली ठगी के प्रति युवाओं को सतर्क किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से जुड़ना, निजी जानकारी साझा करना और बिना सत्यापन के लिंक या ऐप डाउनलोड करना गंभीर जोखिम पैदा कर सकता है। युवाओं को मजबूत पासवर्ड बनाने, टू-स्टेप वेरिफिकेशन अपनाने और साइबर बुलिंग या स्टॉकिंग की तुरंत रिपोर्ट करने के लिए प्रेरित किया गया।
किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने या नजदीकी पुलिस थाना/सायबर थाना में रिपोर्ट करने की सलाह दी गई। साथ ही डायल-112 और चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की उपयोगिता भी समझाई गई।
कार्यक्रम में नशा मुक्ति पर भी जोर देते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन अपनाने की अपील की गई। इसके अलावा यातायात सुरक्षा को लेकर नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गई।
पुलिस ने “गुड सेमेरिटन” (नेक इंसान) की भूमिका को रेखांकित करते हुए सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने के लिए प्रेरित किया और बताया कि ऐसे मददगारों को शासन द्वारा 25 हजार रुपए तक की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। इस जागरूकता शिविर के माध्यम से पुलिस ने युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनने और समाज में सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।