नष्ट किए 1.59 करोड़ रुपए के नशीले पदार्थ

महासमुंद। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने विभिन्न थानों में जब्त अवैध मादक पदार्थों का नियमानुसार नष्टीकरण किया।
जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में आज सिलतरा स्थित बायो मेडिकल वेस्ट प्लांट (एसएमएस), रायपुर में इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया। नष्टीकरण से पहले जब्त सामग्री का भौतिक सत्यापन किया गया, जिसके बाद शासन के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप उन्हें नष्ट किया गया।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, कुल 1 करोड़ 59 लाख 84 हजार 520 रुपए मूल्य के नशीले पदार्थ नष्ट किए गए। इनमें 720 ग्राम ब्राउन शुगर, 7 ग्राम हेरोइन, 2576 नग सिरप, 11,367 कैप्सूल, 62,449 टैबलेट और 4,123 इंजेक्शन (एम्पुल) शामिल हैं।
यह कार्रवाई जिले के विभिन्न थाना एवं चौकियों में दर्ज 35 प्रकरणों से संबंधित थी। इनमें सिंघोड़ा (1), सरायपाली (4), बलौदा (2), पटेवा (1), तुमगांव (1), महासमुंद (13), बागबाहरा (1), कोमाखान (2) और बसना (10) के प्रकरण शामिल हैं।
वर्षवार देखें तो इन मामलों में वर्ष 2017 का 1, 2020 के 2, 2021 के 3, 2022 के 7, 2023 के 8, 2024 के 3 और 2025 के 11 प्रकरण शामिल हैं।
इस पूरी प्रक्रिया के दौरान पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिभा पाण्डेय, जिला आबकारी अधिकारी सुनील सूर्यवंशी की उपस्थिति में ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में नशे के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए अभियान को और तेज किया जाएगा।