रामनवमी पर उमड़ी आस्था, श्री सिद्ध संकटमोचन हनुमान मंदिर में भव्य आयोजन
महासमुंद। शहर के श्री सिद्ध संकटमोचन हनुमान मंदिर में रामनवमी के अवसर पर शुक्रवार शाम 7 से 8 बजे तक अखंड हनुमान चालीसा पाठ का भव्य आयोजन किया गया। पूरे वातावरण में भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंदिर परिसर के सामने बनाए गए विशाल पंडाल में सैकड़ों श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।
कार्यक्रम के दौरान रामदेव बाबा म्यूजिक ग्रुप की भजन मंडली ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी, जिससे माहौल भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने पूरे एक घंटे तक सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया, वहीं “जय हनुमान ज्ञान गुण सागर” के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। महाआरती के पश्चात प्रसाद वितरण किया गया।
दिनभर चले धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला में दोपहर 12 बजे तक आतिशबाजी के साथ श्री राम जन्मोत्सव मनाया गया। इसके बाद दोपहर 12:30 बजे से शाम 5 बजे तक विशाल आम भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। वहीं शाम 4 से 7 बजे तक मानस मंडली द्वारा भजन-कीर्तन का आयोजन भी किया गया।
हर साल बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या
स्थानीय लोगों के अनुसार, पहले इस आयोजन में जहां 100-200 श्रद्धालु ही शामिल होते थे, वहीं अब हजारों की संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। बढ़ती भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास के मार्ग अब छोटे पड़ने लगे हैं।
यातायात व्यवस्था में किए गए बदलाव
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष इंतजाम किए। मंदिर जाने वाले मार्गों पर बैरिकेड्स लगाए गए और कुछ समय के लिए भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई। रायपुर मार्ग से आने-जाने वाले छोटे वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से भेजा गया। वहीं बरोंडा चौक जाने वाले वाहनों के लिए विठोबा चौक होते हुए शास्त्री चौक का मार्ग निर्धारित किया गया, जबकि नेहरू चौक से अपने बाजार मार्ग के जरिए यातायात को डायवर्ट किया गया।
रामनवमी के इस आयोजन ने एक बार फिर महासमुंद में आस्था, उत्साह और सामूहिक सहभागिता का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया।
