मवेशियों की तस्करी करते दो आरोपी गिरफ्तार, 11 पशु बरामद
महासमुंद, 28 मार्च। जिले के संकरा थाना पुलिस ने मवेशियों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 11 मवेशी भी बरामद किए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, संकरा-झारनडीह मार्ग पर मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक वाहन में अवैध रूप से गाय-बैलों को भरकर ओडिशा ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम बड़े टेमरी के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका। वाहन में दो युवक सवार थे, जिन्हें पूछताछ के बाद हिरासत में लिया गया।
आरोपियों ने अपना नाम स्वाधीन बेहेरा (21) और परिक्षित भई (20) निवासी थाना पाइकमाल, जिला बरगढ़ (ओडिशा) बताया। तलाशी के दौरान वाहन से 8 बछड़ा, 1 गाय और 1 बछिया सहित कुल 11 मवेशी बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास मवेशियों के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। मामले में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 व 11 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस द्वारा आगे की जांच जारी है।
