बूथ व पंचायत स्तर पर कांग्रेस संगठन को मजबूती, प्रभारियों की नियुक्ति

बागबाहरा। जिले में कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय व मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव ने बूथ एवं पंचायत स्तरीय कांग्रेस कमेटियों के गठन के लिए विभिन्न ब्लॉकों में प्रभारियों की नियुक्ति की है।
जिला अध्यक्ष यादव ने बताया कि संगठन सृजन अभियान के तहत बूथ और पंचायत स्तर पर संगठन को सशक्त बनाने के उद्देश्य से कमेटियों के गठन की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इस कार्य को सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के लिए ब्लॉक स्तर पर प्रभारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नियुक्त प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन विस्तार के साथ-साथ कमेटियों के गठन का दायित्व दिया गया है। इनमें महासमुंद शहर के लिए श्रीमती रश्मि चंद्राकर, महासमुंद ग्रामीण के लिए लक्ष्मण पटेल, झलप-पटेवा के लिए विनोद चंद्राकर, बागबाहरा ग्रामीण के लिए नरेंद्र सेन, बागबाहरा शहर के लिए तौफिक दानी, कोमाखान के लिए अब्दुल समीम खान, पिथौरा के लिए मंजीत सलूजा, बसना के लिए मनोजकांत साहू, सांकरा के लिए गणेश शर्मा, भंवरपुर के लिए भूपेंद्र सिंह ठाकुर, सरायपाली शहर के लिए फिरोज मेमन, सरायपाली ग्रामीण के लिए कृष्णा चंद्राकर तथा छुईपाली के लिए विजय बंजारे को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिला अध्यक्ष ने सभी प्रभारियों से अपेक्षा जताई है कि वे निर्धारित समय-सीमा में बूथ एवं पंचायत स्तर की कमेटियों का गठन सुनिश्चित करें और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।