ओलों की मार से आम व सब्जियों की फसल पर खतरा, मौसम ने ली करवट
महासमुंद। जिले में अचानक बदले मौसम ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। शुक्रवार की शाम आई तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से आम व सब्जियों की फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। बेमौसम बारिश के साथ गिरे ओलों ने टमाटर, धनिया, मिर्च सहित अन्य सब्जी फसलों को प्रभावित किया है।
मौसम विभाग के अनुसार ओडिशा और आसपास के क्षेत्रों में बने ऊपरी वायु चक्रवात के कारण मौसम में यह बदलाव देखने को मिला। जिले के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई, वहीं कुछ स्थानों पर ओले भी गिरे।
तेज हवा और ओलावृष्टि के चलते लोगों को कुछ समय के लिए जहां-तहां रुकना पड़ा। करीब 8-9 मिनट तक ओले गिरने का दौर चला, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। हालांकि बच्चों और ग्रामीणों ने इस मौसम का आनंद भी लिया।
मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में फिर से तेज हवा, गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने नागरिकों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर कच्चे निर्माण, बिजली के खंभों और पेड़ों से दूर रहने की अपील की गई है। इधर मौसम में आए बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को तेज गर्मी से राहत मिली है। शनिवार को अधिकतम तापमान लगभग 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।
