पुलिस ने 4 दिन में 94 वारंटियों को किया गिरफ्तार

फरार और न्यायालय से अनुपस्थित आरोपियों पर शिकंजा, जिलेभर में चलाया गया विशेष अभियान
महासमुंद। अपराध नियंत्रण और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए महासमुंद पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर बड़ी सफलता हासिल की है। 23 मार्च से 26 मार्च 2026 तक चले चार दिवसीय अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 94 वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
इस अभियान के तहत 06 स्थायी वारंटी और 88 गिरफ्तारी वारंट का निष्पादन किया गया। पुलिस के अनुसार, इन वारंटों में स्थानीय न्यायालयों के साथ-साथ अन्य जिलों से प्राप्त वारंट भी शामिल थे। स्थायी वारंटियों में आबकारी एक्ट के 4 मामले, छेड़छाड़ का एक मामला और अन्य (गाली-गलौज व मारपीट) का एक मामला शामिल है।
पुलिस ने अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जिले के सभी अनुविभागों में अलग-अलग टीमें गठित कर कार्रवाई की।
अनुविभागवार कार्रवाई इस प्रकार रही: महासमुंद अनुविभाग में 27 वारंट तामील किए गए, जिनमें कोतवाली, तुमगांव और खल्लारी थाना क्षेत्र शामिल रहे।
पिथौरा अनुविभाग में 22 वारंटों की तामीली की गई, जिसमें पटेवा, पिथौरा और सांकरा थाना शामिल रहे।
बागबाहरा अनुविभाग में 04 वारंटों का निष्पादन किया गया।
सरायपाली अनुविभाग में सबसे ज्यादा 41 वारंट तामील किए गए, जिसमें बसना, सरायपाली और सिंघोड़ा थाना क्षेत्र शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून व्यवस्था को मजबूत किया जा सके।