प्रेम प्रसंग बना खूनी मोड़: युवक ने महिला पर ब्लेड से किया हमला, फिर बिजली खंभे पर चढ़कर दी जान
गढ़फुलझर में देर रात सनसनी, प्रेम संबंध का दर्दनाक अंत
महासमुंद। जिले के बसना थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गढ़फुलझर में प्रेम प्रसंग ने ऐसा भयावह रूप ले लिया। देर रात हुए इस खौफनाक घटनाक्रम में एक युवक ने पहले अपनी प्रेमिका पर जानलेवा हमला किया और फिर खुद आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और सन्नाटा पसरा हुआ है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने गांव में एक युवक का शव देखा और तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बसना थाना पुलिस मौके पर पहुंची, जहां घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू की गई। फॉरेंसिक टीम (FSL) ने भी मौके पर पहुंचकर सबूतों को बारीकी से जुटाया।
एक साल से चल रहा था प्रेम संबंध
प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान राजेश बारिहा (25), निवासी कांदाडोगर, थाना झारबंद (ओडिशा) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि राजेश का ओडिशा के चमरडीह गांव की एक महिला के साथ पिछले एक वर्ष से प्रेम संबंध था।
नवरात्रि मेला बना मुलाकात की वजह
बताया जा रहा है कि महिला नवरात्रि मेला देखने अपने पति के साथ अपने मायके गढ़फुलझर आई हुई थी। इसी दौरान राजेश भी अपने रिश्तेदार के घर गांव में मौजूद था। देर रात करीब 2 से 3 बजे के बीच महिला के बुलाने पर राजेश उससे मिलने उसके घर के बाहर पहुंचा।
मुलाकात बनी विवाद की वजह
रात की इस मुलाकात में दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखा विवाद हो गया। गुस्से और आवेश में आकर राजेश ने अपने पास रखे सेविंग ब्लेड से महिला के गले पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
हमले के बाद खुद को भी खत्म किया
घटना को अंजाम देने के बाद राजेश मौके से भागा नहीं, बल्कि पास ही एक बिजली के खंभे पर चढ़ गया और बिजली मैन लाइन तार पकड़कर अपनी जान दे दी। सुबह जब ग्रामीणों ने उसका शव देखा तो पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना बसना में मर्ग कायम कर लिया गया है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है। घायल महिला का उपचार जारी है और उसकी स्थिति पर भी नजर रखी जा रही है।
गांव में पसरा सन्नाटा, रिश्तों पर उठे सवाल
इस घटना ने न सिर्फ एक परिवार, बल्कि पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। प्रेम संबंधों में बढ़ती संवेदनहीनता और आवेश में उठाए गए कदम एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं।
