मिनी ट्रक से 16 टन महुआ जब्त, टेमरी नाका में कार्रवाई
दस्तावेज नहीं दिखा पाने पर चालक को नोटिस
महासमुंद। जिले में अवैध गतिविधियों पर लगाम कसते हुए कोमाखान पुलिस ने महुआ के अवैध परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। टेमरी नाका में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक ट्रक से 16 टन महुआ बरामद कर कुल 24 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 27 मार्च को संदिग्ध वाहन चेकिंग के दौरान खरियार रोड (ओडिशा) की ओर से आ रहे ट्रक (सीजी 04 एमटी 0207) को रोककर जांच की गई। ट्रक चालक ने अपना नाम किशन ठाकुर (20), निवासी सुवरमाल थाना कोमाखान, जिला महासमुंद बताया।
जांच के दौरान ट्रक में लोड महुआ के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए चालक को धारा 94 बीएनएस के तहत नोटिस दिया गया, लेकिन वह कोई वैध कागजात पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में ट्रक में भरे 16 टन महुआ (कीमत लगभग 4 लाख रुपये) और परिवहन में प्रयुक्त अशोक लीलैंड ट्रक (कीमत लगभग 20 लाख रुपये) सहित कुल 24 लाख रुपये की संपत्ति जब्त कर ली।
पुलिस ने इस मामले में इस्तगासा क्रमांक 04/2026 के तहत धारा 106 बीएनएस के अंतर्गत कार्रवाई दर्ज की है।
जब्त सामग्री:
16 टन महुआ (कीमत 4 लाख रुपये)
अशोक लीलैंड ट्रक (कीमत 20 लाख रुपये)
वाहन का आरसी बुक
पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध महुआ परिवहन करने वालों में हड़कंप मच गया है।
