ओडिशा से एमपी ले जा रहे 2.25 क्विंटल गांजा जब्त, 6 तस्कर गिरफ्तार

तरबूज के नीचे छुपाकर हो रही थी तस्करी; पायलटिंग कार समेत 1.25 करोड़ की संपत्ति जब्त
महासमुंद। जिले में एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 2 क्विंटल 25 किलो गांजा के साथ 6 अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 1 करोड़ 12 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस को चकमा देने के लिए तस्कर पिकअप वाहन में तरबूज के नीचे प्लास्टिक की बोरियों में गांजा छुपाकर ले जा रहे थे। इसके साथ ही एक अलग कार से ‘पायलटिंग’ कर मुख्य वाहन को सुरक्षित निकालने का प्रयास किया जा रहा था।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से गांजा लाया जा रहा है। इस सूचना पर एनएच-53 स्थित रेहटीखोल के पास नाकाबंदी की गई। कुछ देर बाद एक हुंडई कार और उसके पीछे आ रहे पिकअप वाहन को रोका गया। तलाशी लेने पर पिकअप में छुपाया गया गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजे को ओडिशा के संबलपुर से उत्तर प्रदेश के चित्रकूट ले जाने की योजना बना रहे थे। गिरफ्तार किए गए 6 आरोपियों में से 2 मध्य प्रदेश और 4 उत्तर प्रदेश के निवासी हैं।
पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान कुल 1 करोड़ 25 लाख 20 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। इसमें 2 क्विंटल 25 किलो गांजा (₹1,12,50,000), एक पिकअप वाहन (ओडी 15 व्ही 4676) (5,00,000), एक हुंडई ऑरा कार (यूपी 96 क्यू 3658) (7,00,000) और 6 मोबाइल फोन (70,000) शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी सतीश गुप्ता, घनश्याम गुप्ता, सूरज गुप्ता, योगेश कुशवाहा तथा मध्य प्रदेश निवासी हरिबाबू वर्मा और रामबाबू वर्मा के रूप में हुई है।
सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
लगातार जारी है अभियान
एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स को मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने, सोर्स और डेस्टिनेशन प्वाइंट पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। जिले में पुलिस द्वारा लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।