पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी: विधायक योगेश्वर सिन्हा

बोलपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी बनकर कर रहे सक्रिय प्रचार, कार्यकर्ताओं में भरा जोश
महासमुंद। विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा इन दिनों पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा के लिए जोरदार प्रचार-प्रसार में जुटे हुए हैं। पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा उन्हें बोलपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी नियुक्त किया गया है, जिसके बाद से वे लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहकर भाजपा प्रत्याशी दिलीप कुमार घोष के समर्थन में जनसंपर्क कर रहे हैं।
विधायक सिन्हा ने विश्वास जताते हुए कहा कि इस बार पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनना तय है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब बदलाव चाहती है और विकास तथा भयमुक्त माहौल के लिए भाजपा को ही विकल्प मान रही है।
उन्होंने तृणमूल कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान शासन में प्रदेश विकास से पिछड़ गया है और अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आमजन परेशान हैं। उन्होंने दावा किया कि जनता अब इन परिस्थितियों से उबरना चाहती है और भाजपा को मौका देने के लिए तैयार है।
विधायक ने आगे कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा ने पश्चिम बंगाल में मजबूत प्रदर्शन किया था और इस बार उस प्रदर्शन को और बेहतर करते हुए पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाई जाएगी।
प्रचार के दौरान योगेश्वर राजू सिन्हा लगातार आम लोगों से संपर्क कर रहे हैं, साथ ही कार्यकर्ताओं में उत्साह भर रहे हैं। वे केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी जनता तक पहुंचा रहे हैं।
अंत में उन्होंने भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन कर रहे हैं और उन्हें पूरा विश्वास है कि परिणाम भाजपा के पक्ष में ही आएगा।