जर्जर सड़क के विरोध में ग्रामीणों का चक्का जाम, विधायक चातुरी नंद भी पहुंचीं समर्थन में
महासमुंद। जिले में बदहाल सड़क को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश गुरुवार को फूट पड़ा। सागरपाली चौक के पास बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने चक्का जाम कर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों को समर्थन देने क्षेत्र की विधायक चातुरी नंद भी मौके पर पहुंचीं और ग्रामीणों के साथ धरने पर बैठ गईं।
बताया जा रहा है कि सरायपाली से सरसींवा तक लगभग 40 किलोमीटर लंबी सड़क लंबे समय से जर्जर हालत में है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे और उड़ती धूल के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई, जिससे नाराज होकर उन्हें मजबूरन चक्का जाम का रास्ता अपनाना पड़ा। प्रदर्शन के चलते मार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया है।
स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल भी तैनात किया गया है, जो हालात पर नजर बनाए हुए है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जब तक सड़क निर्माण या मरम्मत को लेकर ठोस आश्वासन नहीं मिलता, उनका आंदोलन जारी रहेगा।
