पशु तस्करी का भंडाफोड़: वाहन से 18 पशु बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

क्रूरता पूर्वक महाराष्ट्र कत्लखाने ले जाए जा रहे थे पशु, घेराबंदी में पकड़ा गया वाहन
महासमुंद। सिटी कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम बेलसोंडा के पास एक वाहन से 18 नग पशुओं को बरामद किया है। पुलिस के अनुसार पशुओं को क्रूरता पूर्वक महासमुंद से महाराष्ट्र के कत्लखाने ले जाया जा रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि एक माजदा वाहन क्रमांक एम एच 36 एए 4161 में अवैध रूप से कृषक पशुओं को लोड कर नीले तिरपाल से ढंककर परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने बेलसोंडा के पास घेराबंदी कर वाहन को रोका।
तलाशी के दौरान वाहन के डाले से कुल 18 पशु बरामद किए गए, जिनमें 12 भैंस (कीमत लगभग 2.40 लाख रुपये), 5 पड़िया और 1 पड़वा (गौवंश) शामिल हैं। साथ ही पशुओं के गले में बंधे 18 नग गेरवा (कीमत लगभग 900 रुपये) भी जब्त किए गए।
वाहन में सवार दो व्यक्तियों ने पूछताछ में अपना नाम अमित बंडू कुम्हरे (38), निवासी बेताला, थाना पावनी, जिला भंडारा (महाराष्ट्र) और अजय वामन टेम्भुदरने (46), निवासी कोण्डा, थाना अडार, जिला भंडारा (महाराष्ट्र) बताया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पशु तस्करी में प्रयुक्त वाहन, दो मोबाइल फोन और नकद राशि भी बरामद की है। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 एवं 11(घ) के तहत कार्रवाई की गई है। फिलहाल पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।