‘अविरल सितली-निर्मल सितली’ अभियान जारी
महासमुंद। स्वाध्याय केंद्र समिति द्वारा ‘अविरल सितली-निर्मल सितली’ अभियान संचालित किया जा रहा है। समाजसेवी स्व. अशोक चौरड़िया की स्मृति में चलाया जा रहा यह महत्वाकांक्षी अभियान इन दिनों युद्धस्तर पर जारी है। परियोजना के अंतर्गत नाले के दोनों किनारे मलबा डालकर समतलीकरण कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। अब वर्षों से जमा कचरे और गाद को हटाने का सघन अभियान चलाया जा रहा है, जिससे जल प्रवाह निर्बाध हो सके और नाला फिर से जीवंत बन सके। अभियान का जायजा लेने ग्राम पंचायत खैरा के सरपंच प्रांशु चंद्राकर भी स्थल पर पहुंचे। उन्होंने कार्य की प्रगति की सराहना करते हुए इसे जनभागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। उन्होंने विश्वास जताया कि इस प्रयास से न केवल महासमुंद बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को भी स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण मिलेगा। उन्होंने आगे कहा कि योजना के पूर्ण होने पर क्षेत्र का कायाकल्प होगा जहाँ बच्चों के लिए आधुनिक गार्डन, स्वास्थ्य प्रेमियों के लिए मॉर्निंग वॉक ट्रैक और आमजन के लिए स्वच्छ जल की व्यवस्था उपलब्ध होगी। साथ ही भू-जल स्तर में सुधार से भविष्य के जल संकट से भी राहत मिलेगी। निरीक्षण के दौरान समिति के सचिव मोहन साहू, पवन साहू, सुरेंद्र ठेठवार, भूपेंद्र ढीमर सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे, जो निरंतर कार्य की निगरानी में जुटे हैं।
