75 लाख से ज्यादा कैश और 2 लग्जरी कारें जब्त

5 दिन में 1.47 करोड़ की बरामदगी
महासमुंद। जिले में अंतरराज्यीय सीमा पर चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बसना और थाना बलौदा पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाइयों में कुल 75 लाख 20 हजार रुपये की नगदी और लग्जरी वाहन जब्त की है।
पहली कार्रवाई में बसना पुलिस ने ओडिशा के पदमपुर से छत्तीसगढ़ की ओर आ रही एक संदिग्ध टोयोटा हाईराइडर कार (सीजी 04 क्यू यूं 6591) को पलसापाली नाका पर घेराबंदी कर रोका। तलाशी के दौरान वाहन से 32 लाख 50 हजार रुपये नकद बरामद हुए। कार में सवार आरोपियों की पहचान आशु बंसल (मुरैना/रायपुर) और चालक महेंद्र चौहान (बालाघाट) के रूप में हुई।
वहीं दूसरी कार्रवाई में बलौदा थाना पुलिस ने सिरपुर नाका पर चेकिंग के दौरान एक एक्सयूवी कार (ओडी 08 एए 4159) से 15 लाख रुपये नकद बरामद किए। वाहन में सवार केशव अग्रवाल और गोविंद चंद मुंड (दोनों ओडिशा निवासी) रकम के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपियों से पूछताछ के दौरान रकम के स्रोत और परिवहन से जुड़े दस्तावेज मांगे, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर बीएनएस की धारा 106 के तहत नगदी और वाहनों को जब्त कर लिया गया।
कार्रवाई में बसना पुलिस ने 32.50 लाख रुपये नकद और करीब 17.5 लाख कीमत की कार, जबकि बलौदा पुलिस ने 15 लाख रुपये नकद, 10 लाख की XUV कार और एक मोबाइल फोन जब्त किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आयकर विभाग को भी सूचना देकर विस्तृत जांच के लिए रिपोर्ट भेज दी है। बता दें कि
जिले में पिछले 5 दिनों में पुलिस कुल 1 करोड़ 47 लाख 50 हजार 480 रुपये नकद जब्त किए जा चुके हैं, जिससे अवैध नगदी परिवहन पर सख्ती साफ नजर आ रही है।