बिजली के बकायेदार छूट के लिए पंजीयन 29 जून तक
महासमुंद। सरायपाली विद्युत संभाग के बीपीएल उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। कुल 28,655 उपभोक्ताओं पर 49 करोड़ रुपए के बकाया को देखते हुए समाधान योजना लागू की गई है, जिसके तहत समय पर पंजीयन करने पर 42.33 करोड़ रुपए तक की छूट मिल सकती है।
योजना के अंतर्गत उपभोक्ताओं को केवल 7.05 करोड़ रुपए का भुगतान करना होगा। यह छूट विशेष रूप से छुईपाली, बलौदा, बसना ग्रामीण, सरायपाली ग्रामीण, गढ़फुलझर एवं भंवरपुर क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को बड़ा लाभ देगी। निष्क्रिय बीपीएल उपभोक्ताओं को मूल बकाया में 75% और अधिभार में 100% छूट, जबकि अन्य घरेलू व कृषि उपभोक्ताओं को भी आकर्षक राहत दी जा रही है। शेष राशि अधिकतम 6 किस्तों में जमा की जा सकती है। कार्यपालन अभियंता टी.के. पटेल ने बताया कि योजना में पंजीयन की अंतिम तिथि 30 जून 2026 है। उपभोक्ता ‘मोर बिजली बिल’ मोबाइल एप या नजदीकी कार्यालय में आसानी से पंजीयन कर सकते हैं। विभाग द्वारा गांव-गांव में शिविर लगाकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि योजना का लाभ न लेने वाले उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटे जा सकते हैं, इसलिए समय रहते पंजीयन कर लाभ उठाना जरूरी है।
