कलेक्टर ने सूरजमुखी की खेती एवं पशुपालन कार्यों का किया अवलोकन

कोंडागांव, 19 मार्च 2026/ कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने गुरुवार को माकड़ी विकासखंड में निरीक्षण के दौरान ग्राम मालगांव के कृषक तुलसीराम नेताम द्वारा किए जा रहे कृषि एवं पशुपालन कार्यों का अवलोकन किया तथा उनके प्रयासों की सराहना की। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने किसान से विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत प्राप्त लाभों की जानकारी ली। कृषक नेताम द्वारा नेशनल मिशन ऑन एडिबल ऑयल योजना के तहत 3 एकड़ क्षेत्र में सूरजमुखी की खेती की जा रही है। इसके साथ ही उन्होंने उड़द, मिर्ची, भिंडी एवं खीरा जैसी फसलों का भी उत्पादन किया है।
कलेक्टर ने पशुपालन गतिविधियों का भी अवलोकन किया। पशुपालन विभाग की राज्य उद्यमिता डेयरी योजना के अंतर्गत कृषक को दो गाय प्राप्त हुई हैं, जिनसे वे दुग्ध उत्पादन कर रहे हैं। कृषक ने बताया कि शासकीय योजनाओं का लाभ लेकर वे अच्छी आमदनी प्राप्त कर रहे हैं।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई, एसडीएम अजय उरांव, कृषि विभाग के अधिकारी कैलाश मरकाम सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।