कलेक्टर ने माकड़ी विकासखंड अंतर्गत विभिन्न निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण
कोंडागांव, 19 मार्च 2026/ कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने गुरुवार को माकड़ी विकासखंड अंतर्गत विभिन्न निर्माण कार्यों का गहन निरीक्षण कर निर्माण एजेंसियों को समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ग्राम छिनारी में निर्माणाधीन शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल भवन का अवलोकन किया। इसी प्रकार ग्राम क्षमतापुर में गोदाम निर्माण कार्य का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम बड़ेसोहंगा में शासकीय प्राथमिक शाला भवन का निरीक्षण करते हुए छत की मरम्मत हेतु आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ग्राम हिरलाभाट में जल जीवन मिशन के अंतर्गत चल रहे कार्यों का निरीक्षण कर ग्रामीणों से संवाद किया तथा हर घर जल की उपलब्धता की जानकारी ली। कलेक्टर ने जल आपूर्ति में आ रही समस्याओं का त्वरित निराकरण कर सभी घरों में शुद्ध पेयजल की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसी क्रम में ग्राम अमरावती में जिला सहकारी बैंक के एटीएम में लो वोल्टेज के कारण आ रही संचालन संबंधी समस्याओं के समाधान हेतु सहकारिता विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए, ताकि किसानों को राशि निकासी में सुविधा मिल सके। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई, एसडीएम अजय उरांव, तहसीलदार अंकुर रात्रे, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती भारती प्रधान, डीएमसी ईमल बघेल सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
