अवैध खनिज उत्खनन पर सख्ती: महासमुंद में 11 वाहन जब्त, होगी कड़ी कार्रवाई

महासमुंद। जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर खनिज विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 11 वाहनों को जब्त किया गया है।
खनिज अधिकारी फागुलाल नागेश ने जानकारी देते हुए बताया कि 13 मार्च को अवैध परिवहन के मामलों में फर्शी पत्थर से लदे 2 आईचर वाहन और चूना पत्थर से भरा 1 हाईवा वाहन पकड़ा गया। वहीं 16 मार्च को अवैध उत्खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मुरूम खनिज के अवैध उत्खनन में संलिप्त 2 जेसीबी लोडर और 6 हाईवा वाहन जब्त किए गए। इस तरह कुल 11 वाहन अवैध गतिविधियों में लिप्त पाए गए।
जब्त सभी वाहनों को सुरक्षा के मद्देनजर थाना तुमगांव और महासमुंद की अभिरक्षा में रखा गया है। विभाग द्वारा इन सभी मामलों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत कार्रवाई की जा रही है। संबंधित आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर न्यायालय में परिवाद प्रस्तुत किया जाएगा।
अधिकारी ने स्पष्ट किया कि इस अधिनियम के तहत दोषी पाए जाने पर 2 से 5 वर्ष तक की सजा का प्रावधान है। साथ ही उन्होंने दोहराया कि बिना वैध अभिवहन पास के खनिज का उत्खनन, परिवहन या भंडारण करना दंडनीय अपराध है। प्रशासन ने साफ किया है कि जिले में अवैध खनिज गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए आगे भी ऐसे विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे।