जिले में गौधाम संचालन हेतु रूचि की अभिव्यक्ति (ईओआई) आमंत्रित

निर्धारित प्रपत्र में आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 31 मार्च 2026
दुर्ग, 16 मार्च 2026/ जिले के नगरीय निकायों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में गौधाम संचालन के लिए इच्छुक संस्थाओं से रूचि की अभिव्यक्ति (ईओआई) आमंत्रित की गई है। गौपालन, गौसंवर्धन एवं गौसेवा हेतु रूचि रखने वाली संस्थाएं छ.ग. राज्य गौसेवा आयोग में पंजीकृत संचालित गौपालन की समिति, स्वयं सेवी संस्था, एनजीओ ट्रस्ट तथा फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी सहकारी समिति, शहरी, नगरीय निकाय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में गौधाम संचालन हेतु आवेदन कर सकते हैं।
उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाएं से प्राप्त जानकारी अनुसार निर्धारित प्रपत्र में आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 31 मार्च 2026 को दोपहर 3 बजे तक तय की गई है। इच्छुक संस्थाएं अपना आवेदन कार्यालय उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाएं, गौरव पथ पद्मनाभपुर, दुर्ग में कार्यालयीन दिवसों में जमा कर सकते हैं।
जिले के नगरीय निकायों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित किए जाने वाले गौधामों में निराश्रित एवं घुमंतू गौवंशीय पशुओं के साथ-साथ गृह विभाग द्वारा कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 (संशोधित 2011) तथा छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण नियम 2014 के अंतर्गत जप्त गौवंशीय पशुओं को रखा जाएगा। गौधाम स्थापना के लिए भूमि, संचालन का उद्देश्य, क्रियान्वयन, नियंत्रण, अनुश्रवण एवं अनुशीलन, संचालन हेतु पात्र संस्थाओं की पात्रता, कार्यकाल, चयनित संस्था के दायित्व, मानव संसाधन, योजना के वित्त पोषण एवं शास्ति संबंधी विस्तृत जानकारी कार्यालय उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाएं, गौरव पथ पद्मनाभपुर, दुर्ग से कार्यालयीन समय सुबह 10 बजे से शाम 5.30 बजे तक प्राप्त की जा सकती है।