पुलिस का “नवा बिहान” जागरूकता अभियान, साइबर अपराध और नशा मुक्ति पर ग्रामीणों को किया जागरूक
महासमुंद। जिले में बढ़ते साइबर अपराध और सामाजिक बुराइयों के प्रति लोगों को सतर्क करने के उद्देश्य से महासमुंद पुलिस द्वारा “नवा बिहान” जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत पुलिस टीम शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के चौक-चौराहों, हाट-बाजार, स्कूल-कॉलेज तथा सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर लोगों को जागरूक कर रही है।
अभियान के तहत शनिवार को महासमुंद क्षेत्र के ग्राम रायतुम, पिथौरा के लहरोद ओवर ब्रिज, ग्राम परसदा मंदिर परिसर तथा ग्राम उड़ेला में आयोजित भागवत कथा स्थल और मीना बाजार मेला में उपस्थित ग्रामीणों को साइबर अपराध, अभिव्यक्ति ऐप, नशा मुक्ति, महिला संबंधी अपराध और यातायात सुरक्षा के संबंध में जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों को बताया कि साइबर स्टाकिंग, फेक प्रोफाइल, फर्जी ट्रेडिंग ऐप, सेक्सटॉर्शन, डिजिटल अरेस्ट जैसी घटनाओं से बचने के लिए सोशल मीडिया पर सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। अनजान लिंक पर क्लिक न करने, अज्ञात नंबरों से आने वाली वीडियो कॉल को अटेंड न करने और किसी भी संदिग्ध कॉल या मैसेज पर तुरंत सतर्क रहने की सलाह दी गई।
ग्रामीणों को यह भी बताया गया कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं या निकटतम पुलिस थाना अथवा साइबर थाना में रिपोर्ट करें। साथ ही सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत और संवेदनशील जानकारी साझा न करने तथा मजबूत पासवर्ड और टू-स्टेप वेरिफिकेशन का उपयोग करने की भी सलाह दी गई।
इस दौरान नशा मुक्ति के प्रति भी जागरूक किया गया और नशे के दुष्परिणामों से बचने की अपील की गई। यातायात सुरक्षा के संबंध में बताया गया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति का शासकीय अस्पताल में 15 लाख रुपये तक का निःशुल्क इलाज किया जाएगा। वहीं दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करने वाले को शासन द्वारा 25 हजार रुपये का नगद पुरस्कार भी दिया जाएगा।
इसके अलावा गौवंश तस्करी की सूचना मिलने पर तत्काल संबंधित थाना को जानकारी देने तथा आपात स्थिति में डायल 112 का उपयोग करने की भी अपील की गई।
ग्राम उड़ेला में आयोजित भागवत कथा और मीना बाजार मेले में ग्राम सरपंच तथा भाजपा मंडल अध्यक्ष भवरपुर डेविड चौधरी सहित आसपास के गांवों के करीब 200 ग्रामीणों ने इस जागरूकता कार्यक्रम में भाग लेकर पुलिस द्वारा दी गई उपयोगी जानकारी का लाभ उठाया।
