प्रधानपाठक पद पर जल्द जारी हो पदोन्नति आदेश, शिक्षक फेडरेशन ने सौंपा ज्ञापन

70 से अधिक पद रिक्त, 25 मार्च तक आदेश नहीं तो 26 को डीईओ कार्यालय घेराव की चेतावनी
महासमुंद। छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन, जिला इकाई महासमुंद के प्रतिनिधिमंडल ने जिला अध्यक्ष ईश्वर चंद्राकर के नेतृत्व में जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरे से मुलाकात कर पांच सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। संगठन ने प्राथमिक शालाओं में प्रधानपाठक पद पर शीघ्र पदोन्नति आदेश जारी करने की मांग उठाई।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि रायपुर संभाग सहित प्रदेश के अधिकांश जिलों में प्रधानपाठक पद के लिए पदोन्नति सूची जारी हो चुकी है, लेकिन महासमुंद जिले में अब तक आदेश जारी नहीं होने से शिक्षकों में नाराजगी है। फेडरेशन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द पदोन्नति आदेश जारी नहीं किया गया तो संगठन द्वारा जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
जिला अध्यक्ष ईश्वर चंद्राकर ने बताया कि महासमुंद जिले की प्राथमिक शालाओं में प्रधानपाठक के लगभग 70 से अधिक पद रिक्त हैं। ऐसे में सभी रिक्त पदों पर शीघ्र पदोन्नति की मांग की गई है, ताकि विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था बेहतर हो सके।
इस पर जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरे ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि पदोन्नति की प्रक्रिया जारी है और जल्द ही डीपीसी (विभागीय पदोन्नति समिति) की बैठक आयोजित कर एक सप्ताह के भीतर काउंसलिंग प्रक्रिया के साथ पदोन्नति आदेश जारी किए जाएंगे। प्रतिनिधिमंडल ने सत्र 2024-25 के परीक्षा अनुमति आदेश तथा कुछ सहायक शिक्षकों के संविलियन आदेश अब तक जारी नहीं होने का मुद्दा भी उठाया। इस पर जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि उच्च स्तर से मार्गदर्शन लेकर शीघ्र आदेश जारी करने की प्रक्रिया जारी है।
संगठन ने भीषण गर्मी को देखते हुए विद्यालयों का समय प्रातःकालीन करने की मांग भी रखी। साथ ही अगस्त माह में गठित जांच समिति की रिपोर्ट और उस पर की गई कार्रवाई की जानकारी भी मांगी गई।
फेडरेशन ने चेतावनी दी है कि यदि 25 मार्च तक पदोन्नति आदेश जारी नहीं किया गया और अन्य मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो 26 मार्च को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय का घेराव किया जाएगा। ज्ञापन सौंपने वालों में
प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष सिराज बख्श, जिला सचिव विनय कुमार यादव, ब्लॉक अध्यक्ष प्रकाश बघेल, सचिव लव निर्मलकर, कोषाध्यक्ष आत्माराम साहू, भूपेंद्र दीवान, विष्णु जागृति सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।