भाजपा के संरक्षण में हो रही अफीम की खेती: द्वारिकाधीश

महासमुंद। दुर्ग जिले के समोदा गांव में एक फार्म हाउस में अफीम की खेती पाये जाने पर छत्तीसगढ़ के राजनीति में गर्मा गई है। इसी कड़ी में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के संरक्षण में अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही है। जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि अफीम की खेती भाजपा नेता विनायक ताम्रकर द्वारा करवाया जा रहा था। जो भाजपा के सभी कार्यक्रमों में उसकी महत्वपूर्ण और सक्रिय भागीदारी रहती थी।
कांग्रेस भवन में आज कांग्रेस जिलाध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव पत्रकार वार्ता में सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि इतनी बड़ी तादाद में खुलेआम अफीम की खेती करना बिना सरकार के संरक्षण के मुमकिन नही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा के राज में छत्तीसगढ़ को नशे की गर्त में धकेल दिया है। आज छत्तीसगढ़ नशे के काले कारोबार में पंजाब , गुजरात और पश्चिम बंगाल को पीछे छोड़ दिया है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि इस घटना की नैतिक जिम्मेदारी लेकर गृहमंत्री को इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को कांग्रेस सदन तक ले जायेगी।
इसके बाद कांग्रेसियों ने 60 रुपये सिलेंडर की कीमत और महंगाई के विरोध में नेहरू चौक प्रधानमंत्री का पुतला फूंका। और जमकर नारेबाजी की। इस अवसर कांग्रेस शहर अध्यक्ष गुरमीत सिंह चावला, वरिष्ठ नेता दाऊलाल चंद्राकर, भूपेश सिंह ठाकुर सहित अन्य नेताओं कार्यकर्ताओं उपस्थित रहे।