पिता ने डंडे से पीट पीटकर बेटे को उतारा मौत के घाट

महासमुंद। पटेवा थाना क्षेत्र के ग्राम गोंगल में एक पिता ने पारिवारिक विवाद पर अपने ही 25 वर्षीय बेटे की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी और पुलिस को गुमराह करने लाश को खेत में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब मृतक की पत्नी अंजलि टंडन ने थाना पटेवा में अपने पति प्रेमप्रकाश टंडन के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। अंजलि ने पुलिस को बताया कि उसके पति 2 मार्च की रात अपने पिता के घर ग्राम गोंगल गए थे, जिसके बाद से वे वापस नहीं लौटे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने परिजनों से कड़ाई से पूछताछ शुरू की, जिसके बाद इस हत्याकांड की परतें खुलती चली गईं। पुलिस जांच में सामने आया कि ग्राम लखनपुर निवासी प्रेम प्रकाश टंडन (25) को उसके पिता गंगाराम टंडन (51 ) ने 2 मार्च की रात करीब 10 बजे ग्राम गोंगल स्थित ऐश ब्रिक्स फैक्ट्री बुलाया था। वहां किसी पारिवारिक मुद्दे को लेकर पिता-पुत्र के बीच तीखी बहस हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में गंगाराम टंडन ने डंडे से बेटे पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण प्रेम प्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी पिता ने कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए बेटे के शव को घर से करीब एक किलोमीटर दूर खेत में फेंक दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बरामद कर लिया और मर्ग कायम करते हुए हत्या का अपराध दर्ज कर लिया है। पटेवा पुलिस ने आरोपी पिता गंगाराम टंडन को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ कर रही है।