4 माह जांच के बाद वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज

महासमुंद। सरायपाली थाना क्षेत्र में पिछले वर्ष हुई सड़क हादसे में बाइक चालक की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।पुलिस के मुताबिक 2 नवंबर 2025 को बिरसिंगपाली निवासी विजय कुमार पटेल (37) अपनी पल्सर मोटरसाइकिल सी जी 06 जी व्ही 7186 से दोपहर करीब 1 बजे सरायपाली से भंवरपुर की ओर अपनी डेली नीड्स दुकान खोलने जा रहे थे। जब वे भंवरपुर रोड स्थित पटेल चेस्ट सरायपाली के आगे मौहा नर्सरी के पास प्रेतनडीह पहुंचे, तभी बगईजोर की ओर से आ रही स्कूटी सीजी 06 एच सी 2573 के चालक ने तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इस हादसे में विजय कुमार पटेल के सिर में गंभीर चोट आई। उन्हें सरायपाली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर रायपुर रेफर किया गया। रायपुर में इलाज के दौरान 6 नवंबर 2025 को उनकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच के बाद आरोपी स्कूटी चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 106(1) के तहत अपराध दर्ज किया है।