पुलिस छापामारी में 233 लीटर महुआ शराब जब्त, 7 गिरफ्तार
990 किलो महुआ लाहन पास को किया गया नष्ट
महासमुंद। नशे के खिलाफ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्र में अवैध शराब बनाने के 20 ठिकानों पर छापामारी कर 77 हजार कीमत के 233 लीटर महुआ शराब बरामद किया गया है। साथ ही 990 किलो महुआ लाहन पास को मौके पर ही नष्ट किया गया है। 7 लोगों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई किया गया है।
जिले के बागबाहरा, तेंदुकोना, सांकरा, बसना, सरायपाली, पटेवा, कोमाखान थाना क्षेत्र के ग्राम हरनादादर, सवित्रिपुर, बुंदेली, बालसी, खुसरुपाली तोषगांव, पचरी, मानपुर से पुलिस ने आज 20 ठिकानों पर छापामार कार्रवाई की। इस छापामारी में पुलिस को अवैध महुआ शराब बनाने, विक्रय एवं परिवहन करते 233 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त किया है। पुलिस ने 990 किलो महुआ लाहन पास को भी नष्ट किया है। इसके अलावा पुलिस को अवैध रूप से महुआ शराब बनाने में प्रयुक्त बर्तन व अन्य सामग्री भी भारी मात्रा में पाया गया है, जिसे जब्त किया गया है। बता दें कि, महुआ शराब बनाने, बेचने व परिवहनकर्ताओं के खिलाफ जिले में विशेष अभियान चलाकर अबतक 108 प्रकरण में 122 लोगों के आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई में 1851 लीटर 640 मिलीग्राम अवैध महुआ शराब कीमत 6 लाख 18 हजार 198 रुपये जब्त किया गया है।
