भारी मात्रा में महुआ शराब जब्त, चार गिरफ्तार
खल्लारी और तेंदूकोना पुलिस की कार्रवाई
महासमुंद। खल्लारी और तेंदूकोना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर भारी मात्रा में अवैध महुआ शराब जब्त कर चार लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार खल्लारी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम खम्हारमुड़ा में छापेमारी कर आनंद राम रावत (31) को गिरफ्तार किया। आरोपी से 25 लीटर महुआ शराब (कीमत लगभग 5 हजार रुपये) तथा शराब बनाने में प्रयुक्त बर्तन व अन्य सामग्री बरामद की गई। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। इसी क्रम में तेंदूकोना पुलिस ने ग्राम कौंसरा और घोंच में दबिश देकर मेन कुमार चंद्राकर (40), भुवनेश्वर दीवान (42) और दिलीप निर्मलकर (32) को गिरफ्तार किया। आरोपियों से 80 पौवा देसी प्लेन शराब (14.400 लीटर) और 12 लीटर हाथ भट्टी निर्मित महुआ शराब जब्त की गई। पुलिस ने शराब परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 06 जी पी 2568 को जब्त किया। साथ ही दो मोबाइल फोन (कीमत लगभग 10 हजार रुपये) भी बरामद किया। मौके पर भारी मात्रा में मिला महुआ लाहन नष्ट कर दिया गया।
