ट्रकों से चोरी का डीजल खरीदकर बेचता था, 200 लीटर डीजल जब्त
महासमुंद। सांकरा पुलिस ने डीजल संग्रहण और बिक्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए 200 लीटर डीजल जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। ज्वलनशील पदार्थ को बिना किसी सुरक्षा प्रबंध के घर में संग्रहित कर बेचने के मामले को पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए विधिसम्मत कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार थाना सांकरा क्षेत्र में मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सांकरा निवासी देवानंद साव (61) अपने घर में भारी मात्रा में डीजल संग्रहित कर बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के निवास पर दबिश दी। मौके पर जांच के दौरान लगभग 200 लीटर डीजल बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के रखा मिला। प्रारंभिक पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी कथित रूप से ट्रक चालकों से चोरी का डीजल खरीदकर बेचता था। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 287 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3 एवं 7 के तहत अपराध दर्ज किया है। कार्रवाई के दौरान 200 लीटर डीजल अनुमानित कीमत 19,600 रुपये के साथ विभिन्न पाइप, प्लास्टिक चाड़ी, तरल मापने के एल्युमिनियम लीटर, खाली प्लास्टिक जरकिन और एल्युमिनियम टब सहित कुल 23,050 रुपये मूल्य की सामग्री जब्त की गई है।
