कलेक्टर ने महात्मा गांधी वार्ड स्थित पीएमश्री विद्यालय का किया निरीक्षण
कोंडागांव, 25 फरवरी 2026/ कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने आज कोंडागांव के महात्मा गांधी वार्ड स्थित पीएम श्री विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय के समस्त स्टाफ की बैठक लेकर शैक्षणिक कार्यों एवं व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की। कलेक्टर ने पीएम श्री योजना के निर्धारित 21 मापदंडों के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाएं तीन दिवस के भीतर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय के विभिन्न कक्षों का अवलोकन किया। साथ ही पेयजल व्यवस्था एवं स्वच्छता की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय परिसर में साफ-सफाई तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश प्राचार्य और संबंधित अधिकारियों को दिए।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, एसडीएम अजय उरांव, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती भारती प्रधान, डीएमसी ईमल बघेल, संबंधित प्राचार्य एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।
