विश्व पैरा एथलेटिक्स के लिए लक्की का भारतीय टीम में चयन

महासमुंद। विश्व पैरा एथलेटिक्स ग्रांड प्रिक्स 2026 के लिए युवा एथलीट लक्की यादव का चयन भारतीय टीम में हुआ है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 9 से 13 मार्च 2026 तक नई दिल्ली में आयोजित की जाएगी, जिसमें देश-विदेश के उत्कृष्ट पैरा एथलीट अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। महासमुंद जिले के ग्राम तुमाडबरी निवासी लक्की यादव कड़ी मेहनत, समर्पण और संघर्ष के दम पर अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचे हैं। वे वर्तमान में फॉर्चून नेत्रहीन उच्च माध्यमिक विद्यालय, कर्मापटपर (बागबाहरा) तथा वन विद्यालय सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक, महासमुंद में विश्व स्तरीय प्रतियोगिता की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने वर्ष 2022-23 में राष्ट्रीय चैंपियनशिप में 100 मीटर दौड़ में कांस्य पदक तथा 400 मीटर और 1500 मीटर दौड़ में रजत पदक हासिल कर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया। वर्ष 2023-24 से 2025-26 तक लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उन्होंने विश्व पैरा एथलेटिक्स ग्रांड प्रिक्स के लिए क्वालीफाई किया। चयन पर कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, सीईओ हेमंत नंदनवार, अपर कलेक्टर रवि साहू सहित जिला प्रशासन के अधिकारियों, खेल एवं समाज कल्याण विभाग के प्रतिनिधियों, जिला पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन महासमुंद, जिला एथलेटिक्स संघ महासमुंद तथा फॉर्चून फाउंडेशन विद्यालय के समस्त शिक्षकों व स्टाफ ने हर्ष व्यक्त किया है।