धूम्रपान मुक्त आदर्श पंचायत बनाने का लिया संकल्प

महासमुंद। ग्राम पंचायत बेलसोंडा को धूम्रपान मुक्त ग्राम पंचायत घोषित करने के उद्देश्य से ग्राम स्तरीय समन्वय समिति का गठन किया गया। इस अवसर पर जागरूकता बैठक का आयोजन भी किया गया।
बैठक में जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्रीमती नीलू धृतलहरे एवं जिला नोडल अधिकारी (एनटीसीपी) डॉ. छत्रपाल चंद्राकर की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में सरपंच, उपसरपंच, पंचगण, शिक्षा विभाग के संकुल समन्वयक, शिक्षकगण, मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, ग्रामीणजन एवं छात्र-छात्राओं ने भागीदारी निभाई। बैठक के दौरान पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से धूम्रपान एवं तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों की विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही नशा मुक्ति केंद्र की सेवाओं, कोटपा अधिनियम की प्रमुख धाराओं, मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन तथा टीबी मुक्त पंचायत जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। ग्राम पंचायत को धूम्रपान मुक्त घोषित करने के निर्धारित मापदंडों को समझाते हुए संबंधित आईईसी सामग्री का वितरण किया गया। विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकों को शैक्षणिक संस्थानों को तंबाकू मुक्त बनाने की प्रक्रिया (ळडऋएक) से अवगत कराया गया तथा आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण की गईं।
कार्यक्रम के अंत में मितानिनों द्वारा दीवार लेखन कर जनजागरूकता संदेश अंकित किए गए तथा विद्यार्थियों की रैली निकालकर ‘तंबाकू छोड़ो, जीवन जोड़ो’ का संदेश पूरे गांव में प्रसारित किया गया। ग्रामीणों ने बेलसोंडा को धूम्रपान मुक्त आदर्श पंचायत बनाने का संकल्प लिया।