अस्पतालों के ऑपरेटरों को मिला प्रशिक्षण
महासमुंद। जिले में राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की ऑनलाइन रिपोर्टिंग व्यवस्था को अधिक सटीक, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के उद्देश्य से एक दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन एक नीजि हाॅटल में किया गया। जिले के समस्त निजी नर्सिंग होम एवं अस्पतालों में कार्यरत डाटा एंट्री ऑपरेटरों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर तकनीकी दक्षता और मजबूत किया।
कार्यशाला में प्रतिभागियों को आरसीएच 2.0 पोर्टल, पीपीएनडीटी पोर्टल, एचएमआईएस पोर्टल, ई-कल्याणी एवं ऑनलाइन फॉर्म एंट्री जैसे महत्वपूर्ण मॉड्यूल्स पर विस्तृत तकनीकी जानकारी के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। कार्यक्रम में आरएमएनसीएच ए सलाहकार एवं मास्टर ट्रेनर संदीप चंद्राकर ने प्रतिभागियों को चरणबद्ध तरीके से पोर्टल संचालन की जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान आॅनलाइन प्रविष्टि में होने वाली सामान्य त्रुटियों, समयसीमा के भीतर रिपोर्टिंग तथा डाटा की शुद्धता बनाए रखने के महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विशेष जोर दिया गया। नोडल अधिकारी डॉ. छत्रपाल चंद्राकर ने बताया कि आरसीएच 2.0 पोर्टल के माध्यम से गर्भवती माताओं को प्रदान की जाने वाली सेवाओं—जैसे गर्भावस्था जांच, सोनोग्राफी, विशेष लैब जांच, सिजेरियन ऑपरेशन आदि की जानकारी संबंधित संस्थाओं द्वारा पोर्टल में दर्ज की जाएगी। यह डाटा आभा-आईडी या मोबाइल नंबर के माध्यम से देश के किसी भी कोने में उपलब्ध कराया जा सकेगा, जिससे उपचार की निरंतरता और पारदर्शिता सुनिश्चित होगी। सीएमएचओ डॉ. राव ने कहा कि इस प्रकार के नियमित प्रशिक्षण से निजी स्वास्थ्य संस्थानों में राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की ऑनलाइन रिपोर्टिंग और अधिक व्यवस्थित होगी। इससे न केवल सेवाओं की प्रभावी निगरानी संभव होगी, बल्कि जिले में स्वास्थ्य योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और नीति निर्माण में भी महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा।
