वेयरहाउस के सामने बेतरतीब ट्रकों से हो सकता है बड़ा हादसा!

जहां चाहे अचानक मोड़ देते हैं, सड़क के बीचों-बीच खड़ा कर देते हैं ट्रक
महासमुंद। बागबाहरा के झलप मार्ग स्थित वेयरहाउस गोदाम डिपो के सामने सड़क पर कभी मी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी रहती है। भारी वाहनों की लापरवाही पूर्वक आवाजाही और बेतरतीब खड़े ट्रकों ने सड़क को जानलेवा मोड़ में बदल दिया है। ट्रांसपोर्टरों की जल्दबाजी और पहले निकलने की होड़ में ट्रक चालक बिना संकेत दिए कही भी अचानक ट्रक मोड़ देते हैं, बीच सड़क पर ही ट्रक खड़ा कर देते हैं और अन्य वाहनों को रास्ता देने की जरूरत तक नहीं समझते। इसका खामियाजा आम नागरिकों, खासकर छात्र-छात्राओं, दोपहिया चालकों और राहगीरों को अपनी जान जोखिम में डालकर भुगतना पड़ रहा है।
नगर के एकमात्र महाविद्यालय की सीमा से लगे इस वेयरहाउस डिपो में प्रवेश के लिए दिनभर भारी वाहनों की लंबी कतार लगी रहती है। नेशनल हाईवे से महज दो-ढाई किलोमीटर दूर स्थित इस सड़क पर ट्रकों की भीड़ से सड़क और संकरी हो जाती है। कार, बाइक और साइकिल सवारों को ट्रकों के बीच से निकलना पड़ता है, जहां जरा सी चूक जानलेवा साबित हो सकती है।
स्थिति को और गंभीर बना रहे हैं सड़क के किनारे बने बड़े-बड़े गड्ढे। डामर पट्टी के अगल-बगल उखड़ी सड़क साइड लेने-देने के दौरान खतरे को कई गुना बढ़ा देती है। ऊपर से उड़ती धूल के कारण दृश्यता कम हो जाती है, जिससे हादसे की आशंका हर समय बनी रहती है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि माल जल्द पहुंचाने और समय बचाने के दबाव में ट्रांसपोर्टर नियमों की खुलेआम अनदेखी कर रहे हैं। पास ही स्थित कॉलेज के हजारों छात्र-छात्राओं की रोजाना आवाजाही से उन्हें कोई सरोकार नहीं है। सुबह और दोपहर के समय जब छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में आते-जाते हैं, तब हालात और भयावह हो जाते हैं। चिंताजनक बात यह है कि इतने संवेदनशील मामले में न तो पुलिस की सक्रियता नजर आ रही है और न ही वेयरहाउस प्रबंधन की जवाबदेही। हालात इतने खतरनाक हो चुके हैं कि किसी बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। इस संबंध में वेयरहाउस प्रभारी से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन संपर्क नही हो पाया।