सिंघनपुर में श्रीराम कथा कार्यक्रम में शामिल हुए तुषार
महासमुंद। राष्ट्रीय तेली कर्मा सेना के संस्थापक व भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अशवंत तुषार साहू ग्राम सिंघनपुर में आयोजित श्रीराम कथा, भोग भंडारा कार्यक्रम में शामिल हुए। तुषार ने कहा कि सनातन धर्म के धार्मिक लेखक तुलसीदास के अनुसार सर्वप्रथम श्रीराम की कथा भगवान शंकर ने माता पार्वती जी को सुनायी थी। जहां पर भगवान शंकर पार्वती को भगवान श्रीराम की कथा सुना रहे थे, वहां कागा (कौवा) का एक घोसला था और उसके भीतर बैठा कागा भी उस कथा को सुन रहा था। कथा पूरी होने के पहले ही माता पार्वती को नींद आ गई, पर उस पक्षी ने पूरी कथा सुन ली। उसी पक्षी का पुनर्जन्म काकभुशुंडिके रूप में हुआ। काकभुशुंडि ने यह कथा गरुड़ जी को सुनाई। भगवान शंकर के मुख से निकली श्री राम की यह पवित्र कथा अध्यात्म रामायण के नाम से प्रख्यात है। अध्यात्म रामायण को ही विश्व का सर्वप्रथम रामायण माना जाता है। कथा श्रवण के अवसर पर रामेश्वर साहू, हीरालाल साहू, ललित निषाद, सुरेश, दिनेश, कार्तिक, राधेश्याम, रामलाल, सुखलाल आदि मौजूद रहे।
