नेशनल मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में जीते 14 पदक

महासमुंद। 45वीं नेशनल मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप का आयोजन 13 से 15 फरवरी तक जबलपुर में संपन्न हुआ। देशभर के 1426 से अधिक एथलीटों की सहभागिता से सजी इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ राज्य दल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। छत्तीसगढ़ टीम में महासमुंद जिले के चार प्रतिभावान खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर पदकों की झड़ी लगा दी। इन खिलाड़ियों ने अपने अद्भुत प्रदर्शन से न केवल जिले, बल्कि पूरे प्रदेश को गौरवान्वित किया। आरक्षक साधुराम ध्रुव ने 400 मीटर हर्डल में स्वर्ण पदक, 800 मीटर दौड़ में रजत पदक, 4़100 मीटर रिले में रजत पदक, 4़400 मीटर रिले में रजत पदक। कुल 1 स्वर्ण और 3 रजत पदक जीतकर अपनी बहुमुखी प्रतिभा का लोहा मनवाया। सहायक शिक्षक (बांजीपुर) जनक राम ध्रुव ने 100 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक, लंबीकूद में स्वर्ण पदक, 400 मीटर दौड़ में रजत पदक, 4़400 मीटर रिले में रजत पदक कुल 2 स्वर्ण और 2 रजत पदक जीतकर शानदार उपलब्धि हासिल की। इसी प्रकार सहायक शिक्षक (बागबाहरा) दौलत राम दीवान ने 5000 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक, 1500 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक, 4़400 मीटर रिले में रजत पदक। कुल 2 स्वर्ण और 1 रजत पदक जीतकर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की। प्रधान पाठक (आमापारा, मुनगासेर) रामबती ठाकुर ने 100 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक, 80 मीटर हर्डल में स्वर्ण पदक, लंबीकूद में रजत पदक कुल 2 स्वर्ण और 1 रजत पदक जीतकर महिला वर्ग में महासमुंद का परचम लहराया।
पूरे छत्तीसगढ़ राज्य दल के 42 एथलीटों ने मिलकर 21 स्वर्ण पदक, 28 रजत पदक, 19 कांस्य पदक सहित कुल 68 पदक जीतकर राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का मान बढ़ाया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, खेल एवं युवा कल्याण विभाग महासमुंद के खेल अधिकारी मनोज धृतलहरे, विद्यालय प्राचार्यों, स्टॉफ तथा खेल प्रेमियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए सभी विजेताओं को शुभकामनाएं दीं।