परीक्षा के पहले दिन 12वीं भूगोल और भौतिक शास्त्र का हुआ पेपर
115 परीक्षा केंद्रों में 8575 विद्यार्थियों ने दिया एग्जाम
महासमुंद। छग माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित कक्षा 12वीं की परीक्षा आज शुक्रवार से शुरू हो गई। आज पहले दिन कला संकाय की भूगोल और विज्ञान संकाय की भौतिक शास्त्र की परीक्षा हुई। परीक्षा केन्द्र से निकले परीक्षार्थियों के चेहरे पर मिला-जुला असर देखने को मिला।
बता दें कि कल शनिवार से कक्षा 10वीं की हिन्दी विषय के साथ परीक्षा की शुरूआत होगी। जानकारी के अनुसार इस साल कक्षा 12 वीं के किए कुल 10570 विद्यार्थियों ने पंजीयन करया था। जिनमें कला और विज्ञान संकाय के कुल 8687 पंजीकृत विद्यार्थियों में से 8575 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए और 112 अनुपस्थित रहे। इसी तरह 10 वीं की परीक्षा के लिए 12855 विद्याथियों ने पंजीयन कराया है। परीक्षाएं जिले के 115 परीक्षा केन्द्रों में सम्पन्न होगी। आज आयोजित हुई बोर्ड की परीक्षा में शामिल कला संकाय के विद्यार्थियों ने बताया कि पेपर काफी अच्छा गया। पर्चा में कुछ प्रश्नों को छोड़कर शेष सरल थे, वहीं विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों का कहना था कि पर्चा सामान्य था। कुल 70 अंकों का पर्चा था जिसमें प्रेक्टिकल के नंबर मिलाकर 100 अंकों का हो जाता है।
नकल पर नकेल कसने 5 जिला व 5 ब्लॉक स्तरीय उड़नदस्ता
बोर्ड परीक्षा में नकल पर नकेल कसने के लिए 5 जिला स्तरीय और 5 विकासखंड स्तरीय उड़नदस्ता दल गठित की गई है। ये दल परीक्षा अवधि में केंद्रों का लगातार निरीक्षण करेंगे। साथ ही जिस दिन जिस विषय की परीक्षा होगी, उस विषय के विशेषज्ञ शिक्षक की ड्यूटी संबंधित केंद्र में नहीं लगाई जाएगी।
