मलेरिया मुक्त बीजापुर की ओर बढ़ता कदम
स्वास्थ्य विभाग और बीजादूतीर स्वयंसेवकों की सराहनीय पहल
बीजापुर 19 फरवरी 2026- विकासखंड भैरमगढ़ के ग्राम मंगलनार में “मलेरिया मुक्त बीजापुर” अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीम और बीजादूतीर स्वयंसेवक मिलकर व्यापक स्तर पर मलेरिया जांच और जागरूकता गतिविधियाँ संचालित कर रहे हैं।
अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा गांव में घर-घर जाकर मलेरिया की जांच की जा रही है। इस कार्य में बीजादूतीर स्वयंसेवक सक्रिय रूप से सहयोग करते हुए ग्रामीणों को जांच के लिए प्रेरित कर रहे हैं। स्वयंसेवकों की सहभागिता से ग्रामीणों में अभियान के प्रति विश्वास और उत्साह देखने को मिल रहा है।
स्वयंसेवकों द्वारा समुदाय एवं बच्चों को मलेरिया से बचाव के उपायों की जानकारी भी दी जा रही है। साफ-सफाई बनाए रखने, घर के आसपास पानी जमा न होने देने तथा नियमित रूप से मच्छरदानी के उपयोग के महत्व पर विशेष जोर दिया जा रहा है। बच्चों को सरल भाषा में समझाया जा रहा है कि मच्छरों से बचाव ही मलेरिया से सुरक्षा का सबसे प्रभावी तरीका है।
ग्रामीणों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई है। स्वास्थ्य विभाग और स्वयंसेवकों के संयुक्त प्रयास से बीजापुर जिले को मलेरिया मुक्त बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
“स्वस्थ बीजापुर- सुरक्षित भविष्य” के संकल्प के साथ यह अभियान निरंतर जारी है।
