अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर त्रिमूर्ति कॉलोनी के नागरिक एन एच पर देंगे धरना
महासमुंद। नगर के वार्ड क्रमांक 16 स्थित त्रिमूर्ति कॉलोनी में लगानी भूमि के सामने किए जा रहे कथित अवैध अतिक्रमण को लेकर नागरिकों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। त्रिमूर्ति सहकारी गृह निर्माण समिति की भूमि की सुरक्षा और जनहित के मुद्दे को लेकर कॉलोनी के नागरिक 08 फरवरी को नेशनल हाईवे-353 पर धरना-प्रदर्शन करेंगे।
नागरिकों ने बताया कि इस संबंध में 02 फरवरी को नगर पालिका परिषद महासमुंद और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को अलग-अलग ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि लगानी भूमि पर हो रहा अतिक्रमण भविष्य में गंभीर समस्या बन सकता है। यदि समय रहते इसे नहीं रोका गया तो दुकानों की अनियंत्रित वृद्धि से प्रस्तावित व्यवसायिक कॉम्प्लेक्स के निर्माण में बाधा आएगी। साथ ही सड़क संकरी होने, भीड़ बढ़ने, यातायात जाम और दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहेगी। नागरिकों के अनुसार, इस मुद्दे को लेकर 14 जनवरी को त्रिमूर्ति कॉलोनी के पूर्व अध्यक्ष एवं अन्य सदस्यों ने नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू और मुख्य नगर पालिका अधिकारी को लिखित शिकायत भी दी थी, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी है। इसी प्रशासनिक उदासीनता के विरोध में क्षेत्रवासियों ने शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन का निर्णय लिया है। ज्ञापन के माध्यम से मांग की जाएगी कि राष्ट्रीय राजमार्ग अधिनियम के तहत अवैध अतिक्रमण को तत्काल हटाकर कॉलोनी की लगानी भूमि को सुरक्षित किया जाए।क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी पालिका प्रशासन की होगी।
