अटल परिसरों का मुख्यमंत्री ने किया वर्चुअल लोकार्पण
महासमुंद। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर से वर्चुअल माध्यम से राज्य के नगरीय निकायों में निर्मित अटल परिसरों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर जिला मुख्यालय कचहरी चौक स्थित अटल परिसर में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने वर्चुअल उद्बोधन में कहा कि अटल परिसर का निर्माण स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों, सुशासन और विकास की दूरदर्शी सोच से प्रेरित है। इन परिसरों के माध्यम से सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के मूल्यों को जन-जन तक पहुँचाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि यह परिसर नगरीय निकायों में सार्वजनिक गतिविधियों के लिए आधुनिक, सुव्यवस्थित और बहुउद्देशीय सुविधा के रूप में कार्य करेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि आज का दिन सभी प्रदेशवासियों के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सहित तीन नए राज्यों का निर्माण अटल बिहारी वाजपेयी की दूरदर्शिता और मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति का परिणाम है। उन्होंने कहा कि अटल जी का महासमुंद की धरती पर आगमन हुआ था और आज राज्य में जो विकास दिखाई दे रहा है, वह उन्हीं की सोच की देन है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से आवागमन को सुलभ बनाया गया और नदी जोड़ो योजना जैसे प्रयासों से पेयजल की दिशा में ठोस कदम उठाए गए। विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी का देश निर्माण में योगदान अतुलनीय है। आने वाली पीढ़ियाँ सदैव याद रखेंगी कि राज्य निर्माण की ऐतिहासिक सौगात अटल जी ने दी। उन्होंने कहा कि अटल जी पक्ष और विपक्ष-दोनों भूमिकाओं में रहते हुए राष्ट्र सेवा की मिसाल बने और देश को नई दिशा देने का कार्य किया।
अटल परिसर का लोकार्पण सौभाग्य : निखिल
नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने कहा कि अटल जी की जयंती पर अटल परिसर का लोकार्पण होना नगरवासियों के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि जय जवान, जय किसान और जय विज्ञान जैसे प्रेरणादायी नारों के माध्यम से अटल जी ने देश को नई पहचान दिलाई। उन्होंने जानकारी दी कि नगर पालिका द्वारा अब क्यूआर कोड के माध्यम से टैक्स भुगतान की सुविधा भी शुरू की गई है। इस अवसर पर बीज निगम अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद, कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
