वेतन विसंगति दूर कर क्रमोन्नत वेतन प्रदान करने की मांग
महासमुंद। छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन ने सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति दूर कर क्रमोन्नत वेतन प्रदान करने की मांग को लेकर मंगलवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा को आवेदन सौंपा। जिला अध्यक्ष ईश्वर चंद्राकर ने बताया कि प्रदेश के हजारों सहायक शिक्षकों को राज्य सरकार की बड़ी घोषणा मोदी की गारंटी पर विश्वास है। राज्य सरकार को अपनी महत्वपूर्ण घोषणा पर अमल करना चाहिए और सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति का निदान करना चाहिए। ब्लॉक अध्यक्ष बाबूलाल ध्रुव ने कहा कि प्रदेश के सहायक शिक्षकों के साथ न्याय दिलाने का वादा सरकार ने अपने संकल्प पत्र में किया था। दो साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद आज भी मांग पूरी नहीं हो पाई है, जिससे शिक्षक हताश हंै। मांगों पर यदि पहल नहीं हुई तो छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
