जिले में अब तक 13 लाख 45 हजार क्विंटल से अधिक धान की खरीदी संपन्न

उत्तर बस्तर कांकेर, 16 दिसम्बर 2025/ खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत जिले के सभी 149़ उपार्जन केंद्रों तथा 70 सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों से धान की खरीदी समर्थन मूल्य पर की जा रही है। जिला खाद्य अधिकारी ने बताया कि जिले में अब तक कुल 13 लाख 45 हजार 554 क्विंटल धान की खरीदी संपन्न हो चुकी है। इसमें 13 लाख 24 हजार 887 क्विंटल मोटा धान तथा 19 हजार 600 क्विंटल पतला और 01 हजार 67 क्विंटल सरना वैरायटी का धान सम्मिलित है। उन्होंने बताया कि ’टोकन तुंहर हाथ’ एप के जरिए सभी किसानों को अब सप्ताह के सातों दिन और 24 घण्टे ऑनलाइन माध्यम से तथा उपार्जन केन्द्र में पहुंचकर टोकन प्राप्त करने की सुविधा प्रारंभ हो गई है। उल्लेखनीय है कि कांकेर जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए 149 उपार्जन केन्द्र बनाए गए हैं तथा धान खरीदी केन्द्रों में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए खरीदी केन्द्र प्रभारी तथा पर्यवेक्षण व निगरानी के लिए नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है।